NewsNation Online

FireFly In News

“फुसलाकर भगाया… पुलिस ने ढूंढ निकाला!” तस्करी विरोधी कक्ष की दोहरी सफलता

फुसलाकर भगाया… पुलिस ने ढूंढ निकाला!

फुसलाकर भगाया… पुलिस ने ढूंढ निकाला!
तस्करी विरोधी कक्ष की दोहरी सफलता

जालना: जिले की अनैतिक मानवी तस्करी प्रतिबंधक कक्ष (AHTU) ने दो मामलों में अपनी तीव्र कार्यशैली और गुप्त रणनीति का परिचय देते हुए बहला-फुसलाकर भगाई गई दो नाबालिग लड़कियों को सफलतापूर्वक पुणे और सातारा जिलों से बरामद किया है। महीनों तक गुमशुदा रही इन लड़कियों के मामलों में पुलिस के हाथ खाली थे, लेकिन AHTU की टेक्निकल और ग्राउंड इंटेलिजेंस ने दोनों मामलों को चंद दिनों में सुलझा दिया। इस कार्रवाई से जिले में पुलिस की सक्रियता और तस्करी विरोधी टीम की तेज़ रणनीति की एक बार फिर पुष्टि हुई है।

पहला मामला: टेंभुर्णी से लड़की को भगाने की घटना

26 जून 2024 को टेंभुर्णी पुलिस स्टेशन में दर्ज शिकायत के अनुसार, टेंभुर्णी के ही एक युवक ने नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा लिया था। इस पर भादंवि की धारा 363 के तहत मामला दर्ज किया गया था। लंबे समय तक पीड़िता और आरोपी का कोई सुराग न लगने के कारण पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यह मामला 12 मार्च 2025 को AHTU को सौंपा गया।

तकनीकी विश्लेषण और गुप्त सूचना के आधार पर कक्ष ने पता लगाया कि दोनों सोमथली, तहसील फलटण, जिला सातारा में रह रहे हैं। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों को हिरासत में ले लिया।

दूसरा मामला: परतूर की नाबालिग लड़की पुणे से बरामद

12 मई 2024 को परतूर तहसील के रोहीणा (बु) गांव निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आकणी, तहसील मंठा (वर्तमान में वाटूर, परतूर निवासी) के एक युवक ने उसकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर भगा लिया है। इस पर भी धारा 363 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था।

इस प्रकरण की भी गहन जांच के बाद AHTU को मामला सौंपा गया। तकनीकी और गुप्त जानकारियों के आधार पर पीड़िता और आरोपी को केसनंद, वाघोली तहसील, जिला पुणे से खोज निकाला गया।

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई

इन दोनों सफल अभियानों का संचालन पुलिस अधीक्षक अजय कुमार बंसल, अपर पुलिस अधीक्षक आयुष नोपाणी, उपविभागीय पुलिस अधिकारी अनंत कुलकर्णी एवं पुलिस निरीक्षक पंकज जाधव (स्थायी गुन्हे शाखा) के मार्गदर्शन में किया गया।

इस कार्रवाई को कक्ष की प्रभारी अधिकारी दीपाली शिंदे, पोउपनि. रविंद्र जोशी, संजय गवली, पोहेकॉ. कृष्णा देठे, सागर बावीस्कर, महिला पुलिस कर्मचारी पुष्पा खरटमल, संगीता चव्हाण, आरती साबळे, रेणुका राठोड़ और चालक संजय कुलकर्णी की टीम ने अंजाम दिया।

दोनों मामलों की पीड़िताओं और आरोपियों को आगे की जांच के लिए संबंधित पुलिस थानों को सौंप दिया गया है।


Discover more from NewsNation Online

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

आपके लिए सुझाव

author avatar
NewsNationOnline Team

Discover more from NewsNation Online

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading