रातभर फोन पर बात करने से हुआ विवाद, बहू ने सास की हत्या कर शव को बोरे में भर फेंकने की रची खौफनाक साजिश
*जालना में सनसनीखेज हत्याकांड: सास की चाकू से हत्या कर शव को ठिकाने लगाने निकली बहू, CCTV फुटेज ने खोली सच्चाई
जालना : जालना शहर की प्रियदर्शनी कॉलोनी में एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद खूनी मोड़ तक पहुंच गया. देर रात तक फोन पर बात करने को लेकर हुए झगड़े में 23 वर्षीय बहू प्रतीक्षा आकाश शिनगारे ने अपनी 45 वर्षीय सास सविता संजय शिनगारे की चाकू से निर्मम हत्या कर दी.
हत्या के बाद प्रतीक्षा ने शव को सफेद बोरे में भरकर घर से बाहर फेंकने की कोशिश की, लेकिन वजन अधिक होने के कारण वह उसे गेट तक ही ले जा सकी और वहां छोड़कर फरार हो गई. अगले दिन सुबह घर मालिक को खून से सना बोरा दिखा, जिससे पूरा मामला सामने आया.
*ऐसे हुआ घटनाक्रम का पर्दाफाश:
गुरुवार सुबह मकान मालिक ऋषिकेश मालुसरे ने चैनल गेट के पास पड़े बोरे से खून रिसते देखा. उन्होंने तुरंत CCTV फुटेज खंगाला तो उसमें प्रतीक्षा को बोरा खींचकर ले जाते हुए देखा गया. इसके बाद उन्होंने मृतका के भाई प्रदीप कानडे और बेटे आकाश को सूचित किया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बोरे से सविता शिनगारे का शव बरामद किया गया.
हत्या की पृष्ठभूमि:
सितंबर 2024 में प्रतीक्षा का विवाह आकाश शिनगारे से हुआ था, जो जालना की एक प्राइवेट कंपनी में जूनियर इंजीनियर के पद पर कार्यरत था. हाल ही में उसकी लातूर में बदली हो गई, जिसके चलते वह वहीं शिफ्ट हो गया, जबकि उसकी पत्नी और मां जालना में किराये के मकान में रह रही थीं.
घटना के दिन दोनों महिलाओं ने मिलकर आम खाए, खाना खाया. रात को प्रतीक्षा फोन पर किसी से बात कर रही थी, जिस पर सास ने टोका. इसी बात से नाराज होकर दोनों के बीच झगड़ा बढ़ा. प्रतीक्षा ने पहले सास को धक्का दिया, दीवार पर सिर पटका, और फिर ताबड़तोड़ चाकू से चेहरे, गाल और गर्दन पर वार कर उनकी हत्या कर दी.
*शव छुपाने की कोशिश और फरारी:
हत्या के बाद प्रतीक्षा ने अपने खून से सने कपड़े बदले, फर्श और दीवार पर लगे खून के धब्बे साफ किए और शव को दो बोरे में भरकर बाहर ले जाने की योजना बनाई. लेकिन भारी वजन के कारण वह उसे गेट से आगे नहीं ले जा सकी और बोरा वहीं छोड़कर भाग निकली. वह पैदल बस स्टैंड पहुंची, वहां से रिक्शा लेकर रेलवे स्टेशन गई और फिर ट्रेन पकड़कर परभणी स्थित अपने मायके चली गई.
*तेजी से हुई पुलिस कार्रवाई:
पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर मामले को सुलझाते हुए त्वरित कार्रवाई की. घटना के महज 12 घंटे के भीतर प्रतीक्षा को परभणी से गिरफ्तार कर लिया गया. उसे 3 अप्रैल को अदालत में पेश किया गया, जहां से 7 अप्रैल तक की पुलिस हिरासत दी गई है.
पुलिस की जानकारी के अनुसार:
सविता शिनगारे के पति का निधन पहले ही हो चुका था. उनके दो बेटे हैं – आकाश और प्रतीक. यह परिवार मूल रूप से बीड जिले के वावरे अंतरवाली का निवासी है.
बताया जा रहा है कि आकाश ने मकान मालिक को पहले ही सूचित कर दिया था कि वह लातूर ट्रांसफर के कारण जालना का किराए का मकान खाली करने वाला है. लेकिन इससे पहले ही यह दिल दहला देने वाली घटना हो गई.
#JalnaMurder #CrimeNews #BahooKillsSaas #JalnaCrime #CCTVExposed

Discover more from NewsNation Online
Subscribe to get the latest posts sent to your email.




































































































Leave a Reply