Instagram Supervision Tool: अगर आपके बच्चे घंटों इंस्टाग्राम इस्तेमाल करते हैं तो अब उनके ऑनलाइन व्यवहार पर नजर रखना पहले से आसान होने वाला है। Instagram ने एक नया सुपरविजन टूल लॉन्च करने का ऐलान किया है, जिसकी मदद से पैरेंट्स यह देख सकेंगे कि उनके बच्चे इंस्टाग्राम पर किस तरह का कंटेंट देख रहे हैं। यह फीचर खासतौर पर टीन अकाउंट्स के लिए तैयार किया गया है। इस टूल के जरिए माता-पिता यह समझ पाएंगे कि बच्चों के फीड, रील्स और एक्सप्लोर सेक्शन में कौन-कौन से विषय दिखाई दे रहे हैं और वे किन चीजों में ज्यादा रुचि ले रहे हैं।
एल्गोरिदम समझने और बच्चों की रुचि जानने में मिलेगी मदद
कंपनी के अनुसार यह नया फीचर परिवारों को यह समझने में मदद करेगा कि किसी टीन यूजर के इंस्टाग्राम अकाउंट पर खास तरह का कंटेंट क्यों दिखाया जा रहा है। उदाहरण के तौर पर यदि कोई बच्चा स्पोर्ट्स, म्यूजिक या फोटोग्राफी से जुड़े वीडियो ज्यादा देखता है तो पैरेंट्स को इसकी जानकारी मिल जाएगी। यह सुपरविजन टूल पिछले साल लॉन्च किए गए “योर एल्गोरिदम” फीचर पर आधारित है, जिसमें यूजर्स को अपने इंस्टाग्राम एल्गोरिदम को सीमित रूप से कंट्रोल करने का विकल्प दिया गया था। अब नए फीचर के जरिए पैरेंट्स बच्चों की डिजिटल रुचियों को बेहतर तरीके से समझ सकेंगे।
नई कैटेगरी जुड़ते ही पैरेंट्स को मिलेगा नोटिफिकेशन
इंस्टाग्राम के इस नए टूल की सबसे खास बात यह है कि अगर कोई टीन यूजर अपने इंट्रेस्ट में नई कैटेगरी जोड़ता है तो उसके पैरेंट्स को तुरंत नोटिफिकेशन भेजा जाएगा। इससे माता-पिता को यह पता चल सकेगा कि बच्चे के अकाउंट पर अचानक अलग तरह का कंटेंट क्यों दिखाई देने लगा है। कंपनी ने बताया कि यह फीचर आज से रोल आउट होना शुरू हो गया है और शुरुआती चरण में इसे अंग्रेजी भाषा के यूजर्स के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक आने वाले समय में यह फीचर भारत में भी लॉन्च किया जाएगा।
AI इस्तेमाल पर नजर रखने के लिए भी आया नया फीचर
Meta ने हाल ही में एक और टूल लॉन्च किया था, जिससे पैरेंट्स यह देख सकेंगे कि बच्चे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का किस तरह इस्तेमाल कर रहे हैं। यह फीचर इंस्टाग्राम के साथ-साथ Facebook और Messenger पर भी लागू किया गया है। इसमें एक नई “इनसाइट टैब” दी गई है, जिसमें पिछले सात दिनों के दौरान बच्चों द्वारा AI से पूछे गए विषयों की जानकारी दिखाई जाएगी। हालांकि इसमें सवालों का पूरा विवरण नहीं दिखेगा बल्कि केवल उन टॉपिक्स की सूची दिखाई जाएगी जिन पर टीन यूजर्स ने AI से बातचीत की है।
Discover more from NewsNation Online
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


































































Leave a Reply