गोरखपुर में बर्ड फ्लू की दस्तक! H5N1 और H9N2 वायरस की पुष्टि, 21 दिन तक बंद रहेंगे मुर्गा बाजार — प्रशासन अलर्ट मोड पर
गोरखपुर | 1 जून 2025 — उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में बर्ड फ्लू ने दस्तक दे दी है। झुंगिया बाजार, अल्युमिनियम फैक्ट्री, तारामंडल और भगत चौराहा से लिए गए सैंपलों में H5N1 और H9N2 वायरस की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही चिड़ियाघर से लिए गए सैंपल में भी बर्ड फ्लू मिला है।
जिला प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से गोरखपुर शहर में सभी मुर्गा बिक्री की दुकानों को 21 दिन के लिए बंद करने का आदेश जारी कर दिया है। इस निर्णय का उद्देश्य संक्रमण को फैलने से रोकना है। जिला स्तरीय रैपिड रिस्पांस टीम को क्रियाशील कर दिया गया है और पशु चिकित्सालय सदर में कंट्रोल रूम को सक्रिय किया गया है, जिसकी ज़िम्मेदारी डॉ. मनीष चंद्र को सौंपी गई है।
बर्ड फ्लू की पुष्टि के आंकड़े
- गोरखपुर से लिए गए 1328 सैंपल — नेगेटिव
- बस्ती मंडल के 1470 सैंपल — नेगेटिव
- झुंगिया, तारामंडल, चिड़ियाघर — पॉजिटिव
- पिछले एक महीने में चिड़ियाघर में 5 जानवरों की मौत — 2 शेर, 1 तेंदुआ, 1 बाघ, 1 भेड़िया
बचाव के उपाय — बर्ड फ्लू से कैसे बचें?
- बीमार पक्षियों को स्वस्थ पक्षियों से अलग रखें।
- पक्षियों में अत्यधिक मृत्यु हो तो तुरंत पशु चिकित्सा अधिकारी को सूचना दें।
- मृत पक्षी का पोस्टमार्टम न करें।
- संदिग्ध मृत पक्षी को कोल्ड चेन के तहत NIHSD भोपाल भेजें।
- टेमीफ्लू जैसी दवाओं का डॉक्टर की सलाह से सेवन करें।
क्या ना करें?
- मृत या संक्रमित पक्षियों के पास ना जाएं।
- मृत पक्षियों को खुले में न फेंके — गड्ढा खोदकर सुरक्षित रूप से दफन करें।
- फार्म पर बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश रोकें।
- संक्रमित क्षेत्रों की यात्रा न करें।
- पक्षियों की बीट, आंसू, लार के सीधे संपर्क से बचें।
- जंगली या बाहरी पक्षियों को फार्म में प्रवेश न करने दें।
प्रशासन की अपील: गोरखपुर प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह या भ्रामक जानकारी से बचें और सहयोग करें। शहर के सभी पोल्ट्री केंद्रों और बाजारों की निगरानी की जा रही है।
Breaking News © http://www.newsnationonline.com | For more updates, stay connected!

