“200 patients from Marathwada selected for free plastic surgery by Rotary Club”
*प्राथमिक जांच शिविर को जबरदस्त प्रतिसाद
जालना– रोटरी क्लब ऑफ जालना और रोटरी क्लब ऑफ बॉम्बे मिडटाउन के संयुक्त तत्वावधान में फरवरी माह में जालना में आयोजित होने वाले दस दिवसीय भव्य मुफ्त प्लास्टिक सर्जरी शिविर के लिए रविवार, 19 जनवरी को आयोजित प्राथमिक जांच शिविर को जबरदस्त प्रतिसाद मिला. इस शिविर में जालना जिले सहित मराठवाड़ा और विदर्भ क्षेत्र के मरीजों ने भाग लिया, जिसमें से 200 मरीजों का चयन किया गया.
मिशन हॉस्पिटल में सुबह 9 बजे से दोपहर 4 बजे तक यह प्राथमिक जांच आयोजित की गई, जिसमें फटे होंठ, मुख एवं चेहरे की विकृतियां, जलने से हुई चोटें, चिपकी हुई उंगलियां, दुर्घटनाओं में आई चोटें और अन्य जन्मजात विकृतियों से पीड़ित मरीजों की जांच की गई. पात्रता सुनिश्चित करने के बाद, इन 200 मरीजों का चयन किया गया, जिनकी शस्त्रक्रिया 22 फरवरी से 4 मार्च के बीच होगी. चयनित मरीजों को ऑपरेशन की तिथि जल्द ही सूचित की जाएगी.
गत 19 वर्षों से यह मुफ्त प्लास्टिक सर्जरी शिविर आयोजित किया जा रहा है, जिसमें हर वर्ष जर्मनी के 12 विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम और मुंबई के प्रख्यात प्लास्टिक सर्जन डॉ. अनिल टिबरेवाल एवं उनके सहयोगी विशेषज्ञ सेवा प्रदान करते हैं.

शिविर के सफल आयोजन के लिए रोटरी क्लब के अध्यक्ष डॉ. दीपक बगडिया, सचिव रवि भक्कड, शिवपाल शर्मा, सुरेश अग्रवाल, आर. बी. मुंदडा, विनोद मोतीवाला सहित रोटरी पदाधिकारियों और सदस्यों ने विशेष योगदान दिया. मिशन हॉस्पिटल के चिकित्सा निदेशक डॉ. क्रिस्टोफर मोजेस एवं अस्पताल स्टाफ ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
यह शिविर उन जरूरतमंद मरीजों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है, जो आर्थिक कारणों से प्लास्टिक सर्जरी कराने में असमर्थ हैं.
Discover more from NewsNation Online
Subscribe to get the latest posts sent to your email.





































































































Leave a Reply