आतंकी हमले के शहीदों को मिले शहीद का दर्जा और सम्मान: वीरेंद्र धोखा
कानपुर पहुंच स्वर्गीय शुभम त्रिवेदी को दी श्रद्धांजलि
जालना: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हाल ही में हुए आतंकी हमले में पाकिस्तानी आतंकवादियों द्वारा 27 हिंदू श्रद्धालुओं की नृशंस हत्या कर दी गई। इस हमले में कानपुर निवासी स्वर्गीय शुभम त्रिवेदी की भी निर्मम हत्या हुई।
इस हृदयविदारक घटना के विरोध में महाराष्ट्र मारवाड़ी सम्मेलन के संगठन मंत्री जालना के वीरेंद्र धोखा और महामंत्री सुदेश करवा ने आज कानपुर स्थित शुभम त्रिवेदी के आवास पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोकसंतप्त परिवार को सांत्वना दी।
इस अवसर पर वीरेंद्र धोखा ने कहा कि, “भारत सरकार को आतंकवादियों के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए इस प्रकार के हमलों पर निर्णायक कार्रवाई करनी चाहिए। साथ ही, देश के लिए बलिदान देने वाले नागरिकों को उचित सम्मान देते हुए स्वर्गीय शुभम त्रिवेदी सहित अन्य सभी मृतकों को ‘शहीद’ का दर्जा दिया जाना चाहिए।”
वीरेंद्र धोखा ने यह भी घोषणा की कि महाराष्ट्र मारवाड़ी सम्मेलन की ओर से इस संबंध में एक विनती पत्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेजा जाएगा, जिसमें शहीद का दर्जा देने की मांग की जाएगी।
