जालना/प्रतिनिधि. अखिल भारतीय अग्रवाल महासभा और राधा गोविंद सेवा मिशन, छत्रपति संभाजीनगर की ओर से जालना के छत्रपति शिवाजी महाराज पुतला परिसर स्थित रूपम हॉल में नंदोत्सव का आयोजन किया गया. स्वामी श्री प्रियाशरणजी महाराज की मौजूदगी में हुए इस कार्यक्रम में करीब 600 श्रद्धालु शामिल हुए.
कार्यक्रम में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की खुशी में भक्तिमय माहौल देखने को मिला. ‘नंद घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ और ‘राधे-राधे’ के जयकारों से पूरा हॉल गूंज उठा.
121 महिलाओं ने बालकृष्ण प्रतियोगिता में लिया हिस्सा
नंदोत्सव का सबसे खास आकर्षण बालकृष्ण प्रतियोगिता रही. श्रद्धालु अपने बच्चों को बालकृष्ण के रूप में सजाकर घर से कार्यक्रम में लेकर पहुंचे. बच्चों को सुंदर कपड़े और आभूषण पहनाकर आकर्षक तरीके से तैयार किया गया था. कई बच्चों को झूले और सिंहासन पर भी सजाया गया.
इस प्रतियोगिता में कुल 121 महिलाओं ने हिस्सा लिया. इस दौरान भगवान श्रीकृष्ण को अलग-अलग तरह के पकवानों से तैयार 56 भोग भी अर्पित किया गया.
बेहतरीन सजावट करने वाले 15 विजेताओं को पुरस्कार
बालकृष्ण को सबसे सुंदर तरीके से सजाकर लाने वाले प्रतिभागियों में से 15 विजेताओं का चयन किया गया. उन्हें आकर्षक उपहार देकर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में शामिल बाकी श्रद्धालुओं को भी प्रोत्साहन के तौर पर उपहार दिए गए.
कार्यक्रम को सफल बनाने में अखिल भारतीय अग्रवाल महासभा की महाराष्ट्र महिला अध्यक्ष सीमा पंच, अनिता पित्ती, संतोष बगडिया, ज्योति अग्रवाल, शीतल धानवाला, कोमल अग्रवाल, मीना अग्रवाल, रीता भरतीया, रश्मी बगडिया, प्रीती अग्रवाल, लीला निमोदिया, चंचल अग्रवाल, प्रियंका कामड और दीपिका देवीदान सहित अन्य सदस्यों ने मेहनत की.
कार्यक्रम का समापन महाआरती और प्रसाद वितरण के साथ हुआ.
इस दौरान बताया गया कि श्रावण महीने के अवसर पर अग्रवाल महासभा की ओर से कांवड़ यात्रा का भी आयोजन किया गया था. इस यात्रा में महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया.

