बिरयानी के बिल को लेकर विवाद, होटल मालिक पर चाकू से हमला – दोनों आरोपी गिरफ्तार
शहर के छत्रपति संभाजीनगर रोड स्थित होटल बिस्मिल्ला में शनिवार रात बिरयानी के बिल को लेकर हुए विवाद के बाद होटल मालिक और उसके सहयोगी पर धारदार चाकू से हमला किया गया। घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हुए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी अविनाश मोरे अपने मित्र आकाश पवार के साथ भोजन करने होटल में आया था। खाना खाने के बाद बिल को लेकर होटल मालिक मंसूर खान और उनके सहयोगी फरदीन खान से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों आरोपियों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया।
हमले में घायल मंसूर खान और फरदीन खान को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए कदीम जालना पुलिस ने तत्काल छापा मारते हुए आरोपी अविनाश मोरे और आकाश पवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने प्राथमिक जांच शुरू कर दी है और मामले की आगे की जांच जारी है।

