वाशिम, 9 सितंबर 2026. सोशल मीडिया पर Reel बनाने के चक्कर में रेलवे ट्रैक पर जाना एक युवक को भारी पड़ गया. वाशिम रेलवे स्टेशन परिसर में रेलवे ट्रैक पर Reel बनाकर उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट करने वाले युवक के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने कार्रवाई की है.
रेलवे ट्रैक पर Reel बनाकर सोशल मीडिया पर डाली
मामला 6 सितंबर 2026 का है. सुबह करीब 11 बजे वाशिम रेलवे स्टेशन के पास एक युवक ने रेलवे ट्रैक पर Reel बनाई और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया. यह Reel सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद RPF ने मामले को गंभीरता से लिया और युवक की तलाश शुरू कर दी.
RPF ने जांच कर युवक की पहचान की
रेलवे सुरक्षा बल, वाशिम के सहायक पुलिस निरीक्षक सलीम खान ने मामले की जांच शुरू की. टीम ने सोशल मीडिया पर वायरल हुई Reel की जानकारी जुटाई और युवक की पहचान अमोल यादव (29) के रूप में की.
अमोल यादव पांगरी नवघरे, तहसील मालेगांव, जिला वाशिम का रहने वाला है. 7 सितंबर 2026 को RPF की टीम उसके घर पहुंची और उसे आगे की कार्रवाई के लिए RPF पोस्ट वाशिम लाया गया.
रेलवे अधिनियम के तहत कार्रवाई
पूछताछ के बाद अमोल यादव के खिलाफ रेलवे अधिनियम, 1989 की धारा 147 और 145 के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई. इसके साथ ही भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 35(3) के तहत नोटिस दिया गया. कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे नियमों के अनुसार छोड़ दिया गया.
RPF की अपील – Reel के लिए जान जोखिम में न डालें
इस मामले को लेकर नांदेड मंडल के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त दीप चंद्र आर्य ने लोगों से रेलवे ट्रैक और प्रतिबंधित रेलवे क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की है.
उन्होंने कहा कि Reel बनाने, फोटो खींचने या सोशल मीडिया के लिए वीडियो तैयार करने के चक्कर में रेलवे ट्रैक पर जाना बेहद खतरनाक हो सकता है. ट्रेन कब और किस दिशा से आ जाए, इसका अंदाजा नहीं लगाया जा सकता. ऐसी लापरवाही से जान जाने का खतरा रहता है.
उन्होंने लोगों से अपील की कि सोशल मीडिया के लिए कंटेंट बनाते समय अपनी सुरक्षा के साथ-साथ रेलवे यात्रियों और रेल यातायात की सुरक्षा का भी ध्यान रखें.
RPF नांदेड मंडल की ओर से कहा गया है कि रेलवे यात्रियों की सुरक्षा, रेलवे संपत्ति और रेल यातायात को सुरक्षित रखने के लिए रेलवे परिसर में होने वाली ऐसी खतरनाक और गैरकानूनी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है. नियम तोड़ने वालों के खिलाफ आगे भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

