NewsNation Online

FireFly In News

Monsoon Alert: उत्तराखंड से महाराष्ट्र तक बारिश का कहर, कई राज्यों में मौतें और बाढ़ जैसे हालात

Monsoon Alert: उत्तराखंड से महाराष्ट्र तक बारिश का कहर, कई राज्यों में मौतें और बाढ़ जैसे हालात

Monsoon Alert: देशभर में मानसून ने तबाही मचा रखी है। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण कई राज्यों में जलभराव, बाढ़, भूस्खलन और मकान गिरने जैसी घटनाएं सामने आई हैं। उत्तराखंड सबसे अधिक प्रभावित राज्यों में शामिल है, जहां पर्वतीय इलाकों में भूस्खलन से 107 संपर्क मार्ग बंद हो गए हैं और चारधाम यात्रा भी प्रभावित हुई है। मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए कई जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। इसके चलते देहरादून, पौड़ी, टिहरी, चमोली, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, चंपावत और बागेश्वर में कक्षा 12 तक के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है।

यूपी, दिल्ली और हिमाचल में भी भारी नुकसान

उत्तर प्रदेश में बारिश और वज्रपात से कम से कम 19 लोगों की मौत हो गई। गाजियाबाद में जलभराव और नाले में गिरने से दो बच्चों की जान चली गई, जबकि बुलंदशहर में मकान की दीवार गिरने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। दिल्ली में गुरुवार को चार लोगों की मौत हुई और लगातार बारिश के कारण राजधानी की कई सड़कें जलमग्न हो गईं, जिससे लंबा ट्रैफिक जाम लगा रहा। हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में अचानक आई बाढ़ से 100 फीट लंबा लोहे का पुल डूब गया, जबकि पूरे राज्य में 75 सड़कें बंद हो गई हैं।

राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र में भी बिगड़े हालात

राजस्थान के धौलपुर और अजमेर में मकान ढहने की घटनाओं में कई लोग मलबे में दब गए। भारी बारिश के कारण राज्य में छह ट्रेनें रद्द करनी पड़ीं और कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं। गुजरात के सूरत में बारिश से जुड़ी घटनाओं में नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 3,900 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। महाराष्ट्र के रायगढ़ में बाढ़ के दौरान एचपीसीएल के बॉटलिंग प्लांट से लगभग 3,000 एलपीजी गैस सिलेंडर पातालगंगा नदी में बह गए। वहीं पुणे में इमारत ढहने की घटना के बाद राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है और कई लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका बनी हुई है।

मध्य प्रदेश में बारिश की रफ्तार धीमी, मौसम विभाग की निगरानी जारी

जहां देश के अधिकांश हिस्सों में मानसून का रौद्र रूप देखने को मिल रहा है, वहीं मध्य प्रदेश में अगले तीन से चार दिनों तक बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून ट्रफ उत्तर प्रदेश की ओर शिफ्ट होने से प्रदेश में केवल पन्ना और सतना जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी भोपाल सहित अन्य क्षेत्रों में हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की है।


Discover more from NewsNation Online

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

आपके लिए सुझाव

author avatar
SRN Info Soft

Discover more from NewsNation Online

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading