जालना (प्रतिनिधि). जालना जिले के रायगव्हाण गांव में खेलते समय जंगली पौधे के बीज खाने से सात बच्चे बीमार पड़ गए. बच्चों ने अरंडी जैसे दिखने वाले ‘मोगला सीड’ खा लिए थे, जिसके कुछ देर बाद उन्हें उल्टी-दस्त की शिकायत शुरू हो गई. तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें देर रात जालना जिला अस्पताल में भर्ती कराया. जिला शल्य चिकित्सक डॉ. राजेंद्र पाटील के अनुसार, सभी बच्चों का इलाज जारी है और उनकी हालत स्थिर है.
मिली जानकारी के अनुसार, गांव में कुछ बच्चे खेल रहे थे. इसी दौरान उन्हें जंगली पौधे के बीज मिले, जिन्हें उन्होंने अनजाने में खा लिया. कुछ समय बाद बच्चों को उल्टी और दस्त होने लगे. परिजनों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया.
घटना की जानकारी मिलते ही जिला शल्य चिकित्सक डॉ. राजेंद्र पाटील अस्पताल पहुंचे और बच्चों की तबीयत का जायजा लिया. उन्होंने चिकित्सा टीम को आवश्यक उपचार के निर्देश दिए.
यह भी पढ़ें: जालना में सुबह-रात ठंड, दोपहर में धूप: सर्दी-खांसी और बुखार के मरीज बढ़े
ये सात बच्चे हुए प्रभावित
बीमार बच्चों में स्वराज संतोष खाडे (8), हनुमान ज्ञानेश्वर सोनटक्के (5), यश सायस पोटे (9), अश्विनी रवी पोटे (8), रुद्र दत्ता खाडे (13), यशश्री राजेश डोलसे (9) और कार्तिक किशोर सोनटक्के (4) शामिल हैं.

अभिभावकों को सतर्क रहने की जरूरत
इस घटना ने छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है. खेलते समय बच्चे अनजाने में जंगली पौधों के बीज या फल खा सकते हैं, जो स्वास्थ्य के लिए खतरनाक साबित हो सकते हैं. ऐसे में अभिभावकों को बच्चों पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है.

किसी बच्चे के अनजान बीज या पौधे का हिस्सा खाने का संदेह होने पर घरेलू उपचार करने या जबरन उल्टी कराने के बजाय तुरंत अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकीय सहायता लेनी चाहिए.
और पढ़ें: जालना की खबरें और स्वास्थ्य समाचार.
सीधे अपनी Facebook फ़ीड में पाएँ — News Nation Online पेज को Follow करें।











