जालना: गणेशोत्सव के दौरान शहर को स्वच्छ रखने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए रोटरी क्लब ऑफ जालना इलाईट और सृष्टि फाउंडेशन, जालना की ओर से निर्माल्य और प्लास्टिक संग्रह अभियान चलाया जा रहा है। शहर के 100 गणेश मंडलों को इस मुहिम से जोड़ा गया है।
अभियान के तहत गणेशोत्सव के दस दिनों में मंडलों से फूल, हार और अन्य निर्माल्य तथा प्लास्टिक कचरा अलग-अलग एकत्र किया जा रहा है। इसके लिए सभी मंडलों को विशेष बैग उपलब्ध कराए गए हैं। मंडलों से अपील की गई है कि वे निर्माल्य और प्लास्टिक निर्धारित बैग में ही जमा करें।
जमा किए गए निर्माल्य को खाद बनाने के लिए कृषि विज्ञान केंद्र, जालना भेजा जाएगा। वहीं, प्लास्टिक कचरे को रोटरी रेनबो के प्लास्टिक पुनर्वापर केंद्र में भेजकर रिसाइक्लिंग की प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा। महाराष्ट्र में प्लास्टिक कचरे के प्रबंधन से जुड़ी जानकारी महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की वेबसाइट पर भी उपलब्ध है।
इसके लिए रोजाना दोपहर में विशेष वाहन शहर के विभिन्न गणेश मंडलों में पहुंचकर निर्माल्य और प्लास्टिक का संग्रह कर रहा है। इस पहल से गणेशोत्सव के दौरान निकलने वाले कचरे का उचित प्रबंधन करने के साथ-साथ पर्यावरण को होने वाले नुकसान को कम करने में मदद मिलेगी।
अभियान को सफल बनाने के लिए रोटरी क्लब ऑफ जालना इलाईट की अध्यक्षा अनया अग्रवाल, सचिव गणेश भाले और क्लब के सभी सदस्य प्रयास कर रहे हैं। सृष्टि फाउंडेशन की ओर से संजय देशपांडे, श्रीमती विद्या पाटील, सौ. मंजुषा क्षीरसागर, सौ. प्रतिभा श्रीपत, सौ. संगीता मुळे और वृषाली नानावटी सहित फाउंडेशन के सभी सदस्य सहयोग दे रहे हैं।
शहर के विभिन्न गणेश मंडलों की ओर से इस पर्यावरण संरक्षण मुहिम को अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। आयोजकों ने मंडलों से निर्माल्य और प्लास्टिक कचरा अलग-अलग जमा कर अभियान को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की है।
यह भी पढ़ें: जालना में तीन दिन यलो अलर्ट, गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की संभावना


