गोदावरी नदी पुल पर बाढ़ के कारण रेल यातायात प्रभावित, कई ट्रेनों के मार्ग बदले और रद्द
जालना:
हैदराबाद रेलवे डिवीजन के बासर–नवी पेठ सेक्शन में गोदावरी नदी पर स्थित पुल क्र. 434 पर जलस्तर खतरनाक स्तर से ऊपर पहुँचने के कारण रेल यातायात को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। इसके परिणामस्वरूप कई ट्रेनों के मार्गों में बदलाव किया गया, कुछ ट्रेनों को रद्द किया गया और कुछ को अंशतः रद्द किया गया है।
मुख्य रूप से प्रभावित ट्रेनों में रामेश्वरम–ओखा एक्सप्रेस (16733), काचीगुडा–भगत की कोठी (17605), तिरुपति–अमरावती (12765), नांदेड–रायचूर (17664), भगत की कोठी–काचीगुडा (17606) और छत्रपती शिवाजी महाराज टर्मिनस–लिंगमपल्ली देवगिरी एक्सप्रेस (17057) शामिल हैं। इन ट्रेनों के लिए नए मार्ग तय किए गए हैं और कई स्टेशन जैसे निजामाबाद, नांदेड, मुद्खेड, पूर्णा, हिंगोली, वाशिम, बसर, मिरजापल्ली, सिकंदराबाद आदि को अब मार्ग से हटाया गया है।
इसके अलावा कुछ ट्रेनों को पूरी तरह रद्द कर दिया गया है, जिनमें निजामाबाद–पुणे (11410), निजामाबाद–नांदेड (77645), नांदेड–निजामाबाद (77646), काचीगुडा–नगरसोल (17661), नगरसोल–काचीगुडा (17662) और नांदेड–मेडचल (17606) शामिल हैं। वहीं, विशाखापट्टणम–नांदेड (20811) और नांदेड–विशाखापट्टनम (20812) ट्रेनें अंशतः रद्द रहेंगी।
रेल यात्री अपनी यात्रा कार्यक्रम में इन परिवर्तनों को ध्यान में रखें और यात्रा से पूर्व रेल्वे हेल्पलाइन या अधिकृत वेबसाइट से जानकारी प्राप्त करें। रेलवे प्रशासन ने कहा है कि यह कदम यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है।

