रमज़ान में दुकानों को देर रात तक खुला रखने की मांग, एएसपी को सौंपा गया ज्ञापन
जालना: पवित्र रमज़ान माह के दौरान आम नागरिकों को राहत देने के उद्देश्य से फेडरेशन ऑफ महाराष्ट्र मुस्लिम्स के एक प्रतिनिधिमंडल ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष नोपानी से मुलाकात कर उन्हें एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। रमज़ान में दुकानों को देर रात तक खुला रखने की मांग.
ज्ञापन में बताया गया कि रमज़ान के महीने में रोज़ेदार दिनभर रोज़ा रखने के बाद रात में तरावीह की नमाज़ अदा करते हैं, जो देर रात तक चलती है। इसके साथ ही सहरी के लिए आवश्यक खाद्य सामग्री और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की खरीदारी भी अधिकतर रात के समय की जाती है। ऐसे में दुकानों के समय पर सख्ती होने से आम नागरिकों, खासकर रोज़ेदारों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
फेडरेशन की ओर से मांग की गई कि रमज़ान के पवित्र महीने में दुकानों को देर रात तक खुले रखने की अनुमति दी जाए, ताकि लोग सहरी और अन्य जरूरी आवश्यकताओं की खरीदारी आसानी से कर सकें। प्रतिनिधिमंडल ने यह भी स्पष्ट किया कि इस छूट का उद्देश्य केवल धार्मिक और सामाजिक जरूरतों को पूरा करना है, न कि किसी प्रकार की अव्यवस्था फैलाना।
इस पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष नोपानी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि रमज़ान के दौरान अनावश्यक सख्ती नहीं बरती जाएगी। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए छूट का दुरुपयोग न हो, इस पर पुलिस प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी।
इस अवसर पर फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल में मौलाना सोहेल नदवी, अब्दुल मुजीब, वाजेद खान पठान, शेख माजिद, एडवोकेट अशफाक, आसिफ अंसारी, सैयद शाकिर, मुफ्ती नोमान नदवी, शेख इस्माइल, अहमद नूर कुरैशी, अता बख्शी, जुनैद भाई और असलम खान सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
रमज़ान में दुकानों को देर रात तक खुला रखने की मांग

