जालना
जालना-राजूर रोड पर शौर्य लॉन्स के पास भीषण सड़क हादसा, तीन की मौत
जालना : रविवार, 17 अगस्त को शाम लगभग 6 बजे जालना-राजूर मार्ग पर शौर्य लॉन्स के पास एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई। तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो रिक्शा को जोरदार टक्कर मारी, जिससे उसमें सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक महिला भी शामिल हैं। इस हादसे ने मांडवा गांव में शोक की लहर दौड़ा दी है।
मृतकों की पहचान भरत निवृत्ती खोसे, गणेश तुकारामअप्पा बारसे और सुनीता नारायण वैद्य (सभी निवासी मांडवा, ता. बदनापूर) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मांडवा निवासी नारायण वैद्य अपनी पत्नी सुनीता वैद्य के साथ सीमेंट खरीदने जालना गए थे। सीमेंट न मिलने पर उन्होंने पत्नी को मांडवा की ओर जा रहे ऑटो रिक्शा चालक भरत खोसे की गाड़ी में बैठाया, जिसमें गणेश बारसे भी सवार थे।
ऑटो रिक्शा मांडवा की ओर बढ़ रहा था, तभी राजूर की ओर से तेज रफ्तार मालवाहक ट्रक (क्र. आरजे 01 जीबी 8468) ने सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो रिक्शा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और तीनों यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक घटनास्थल से फरार हो गया।
स्थानीय नागरिकों और अन्य वाहन चालकों ने तुरंत मदद के लिए दौड़ लगाई और पुलिस को सूचना दी। चंदनझिरा थाने के उपनिरीक्षक रवी देशमाने और उनका दल घटनास्थल पर पहुंचे। रुग्णवाहिका चालक बालू चव्हाण और सुनील छडीदार ने मृतकों के शव जिला सामान्य अस्पताल में पहुंचाए, जहां डॉक्टरों ने तीनों की मृत्यु की पुष्टि की। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस हादसे ने मांडवा गांव में भारी शोक फैलाया है और सड़क सुरक्षा व ट्रक चालकों की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

