Innerwheel Club Horizon showed the magic of inspirational film to the children
जालना : माता-पिता के स्नेह, अपनत्व की ऊष्मा और बचपन के सपनों से दूर रहने वाले बच्चों के लिए इन्नरव्हील क्लब ऑफ जालना होरायझन ने एक संवेदनशील पहल की. समाज कल्याण विभाग के बालिका आवासीय
विद्यालय, दहिफल तांडा स्थित वसंतराव नाईक बालगृह और जालना के सरकारी निरीक्षणगृह के बच्चों के लिए प्रेरणादायक फिल्म ‘मुफासा: द लायन किंग’ का नि:शुल्क विशेष चैरिटी शो आयोजित किया गया.
इस आयोजन का उद्देश्य केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं था, बल्कि बच्चों को जीवन की कठिन परिस्थितियों से जूझने, आत्मविश्वास और साहस के साथ खड़े होने का संदेश देना भी था. डिज़्नी की इस फिल्म ने बच्चों को एक नए संसार की सैर कराई. बड़े पर्दे पर फिल्म देखकर बच्चों के चेहरों पर मुस्कान खिली और उनके दिलों में प्रेरणा और दृढ़ संकल्प की नई किरण जागी.

यह चैरिटी पहल कमलबाबू झुनझूनवाला, अजित मंत्री और रोटरैक्ट क्लब के अध्यक्ष करण अग्रवाल के सहयोग से संभव हो पाई. इन्नरव्हील क्लब ऑफ होरायझन की अध्यक्ष एडवोकेट अश्विनी धन्नावत, सचिव एडवोकेट पिंकी लड्डा, प्रोजेक्ट प्रमुख सीमा गेही, प्रिया शाह और अन्य सदस्यों जैसे नेत्रा भक्कड, दीपाली पाटनी, अनुजा जाधव, सोनल थाराणी, पायल अग्रवाल, पूजा राठी, सुरक्षा गेही, अनुराधा जैन, आशा अग्रवाल ने भी बच्चों के साथ फिल्म का आनंद लिया.
एडवोकेट अश्विनी धन्नावत ने बताया कि क्लब ने फिल्म का पूरा शो बुक किया था और इस पहल से प्राप्त धनराशि किसी स्कूल को भौतिक सुविधाएं प्रदान करने में उपयोग की जाएगी. उन्होंने कहा, “भले ही ये बच्चे जीवन की कठिन राहों पर चल रहे हैं, लेकिन उनके अंदर आशा और दृढ़ता बनी हुई है. ‘मुफासा: द लायन किंग’ के जरिए हमने उन्हें नेतृत्व, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी का महत्व समझाने का प्रयास किया. अगर हमारे छोटे-से प्रयास से उन्हें प्रेरणा मिलती है, तो इससे बड़ी खुशी कोई नहीं हो सकती.”

फिल्म देखकर भावुक हुए बच्चों ने कहा, “आज का अनुभव हमारे लिए बहुत अलग था. इस फिल्म ने हमें जीवन के बारे में बहुत कुछ सिखाया. हमें भी बड़ा होकर अपना जीवन सुंदर बनाना है.” इस पहल ने न केवल बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाई, बल्कि उनके मन में बड़े सपने देखने की उमंग भी जगाई.
इन्नरव्हील क्लब ऑफ जालना होरायझन ने इन बच्चों के जीवन में खुशी और प्रेरणा के नए अध्याय जोड़कर सच्चे समाजसेवा का उदाहरण पेश किया.
