महाराजा अग्रसेन जयंती के उपलक्ष्य में अग्रवाल युवा समिति की ओर से प्रतिवर्ष आयोजित किए जाने वाले धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए, इस वर्ष भी मंगलवार (23 सितंबर) को दानकुंवर महाविद्यालय परिसर में भव्य रामदेव बाबा जम्मा जागरण का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर हैदराबाद के सुप्रसिद्ध सुरसम्राट सुशील बजाज अपनी सुमधुर वाणी से भक्तिमय वातावरण तैयार करेंगे।

उद्योगपति एवं सामाजिक कार्यकर्ता पन्नालाल बगडिया ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे इस आध्यात्मिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर पुण्य लाभ प्राप्त करें।

अग्रवाल युवा समिति पिछले 10–15 वर्षों से महाराजा अग्रसेन जयंती के अवसर पर विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक उपक्रम आयोजित करती आ रही है। बीते चार वर्षों से विशेष रूप से कलियुग के श्रीकृष्ण अवतार माने जाने वाले रामदेव बाबा के जीवन चरित्र पर आधारित जम्मा जागरण का आयोजन किया जाता है।

इस वर्ष भी श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण रहेगा — इंदौर से विशेष रूप से लाए गए 56 व्यंजन वाली भोग प्रसादी का आयोजन, जो भूषण देविदान के सौजन्य से संपन्न होगा। साथ ही, कार्यक्रम स्थल पर भव्य विद्युत सज्जा, आकर्षक जीवंत झांकियां और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां श्रद्धालुओं के लिए मुख्य आकर्षण रहेंगी।

आयोजन को सफल बनाने के लिए अग्रवाल युवा समिति के पदाधिकारी — अध्यक्ष सौरभ पंच, सचिव जतिन अग्रवाल, उपाध्यक्ष सागर अग्रवाल, कोषाध्यक्ष नेतल अग्रवाल, कार्याध्यक्ष आदित्य अग्रवाल, सहकार्याध्यक्ष बजरंग अग्रवाल तथा अन्य पदाधिकारियों ने समाज के सभी वर्गों से बड़ी संख्या में उपस्थित होकर इस जागरण का लाभ उठाने की अपील की है।