NewsNation Online

News That Informs. Stories That Matter.

जालना में गाड़ी जलाने के शक में युवक की रॉड से पिटाई; उपचार के दौरान मौत, परिजनों ने गिरफ्तारी तक शव लेने से इनकार

जालना में गाड़ी जलाने के शक में युवक की रॉड से पिटाई; उपचार के दौरान मौत

परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी तक शव लेने से इनकार

जालना — शहर के भवानी नगर इलाके में गाड़ी जलाने के संदेह के आधार पर एक युवक को लोहे की रॉड से बेरहमी से पीटने की दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गंभीर रूप से घायल युवक की शनिवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना के बाद से इलाके में रोष और तनाव का माहौल है।

मृतक युवक की पहचान सागर भगवान आगलावे (18 वर्ष) के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत शनिवार को भवानीनगर क्षेत्र में रहने वाले सागर आगलावे पर कुछ लोगों को यह संदेह था कि वह गाड़ी जलाने की घटना में शामिल है। इसी शक के आधार पर 2 से 3 आरोपियों ने उस पर लोहे की रॉड से हमला कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया।

हमले में युवक को सिर, पीठ और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। हालत बिगड़ने पर उसे तत्काल जालना जिला सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे बचाने की भरपूर कोशिश की। हालांकि, गंभीर आंतरिक चोटों के कारण शनिवार सुबह करीब 6 बजे उसकी मृत्यु हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन अस्पताल में जमा हो गए और आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग करने लगे। परिजनों का कहना है कि जब तक सभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक वे शव को पोस्टमार्टम के बाद भी अपने कब्जे में नहीं लेंगे और अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।

इधर, कदीम जालना पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है और पुलिस ने आरोपियों की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना के साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज एवं प्रत्यक्षदर्शियों के बयान लिए जा रहे हैं।

स्थानीय नागरिकों ने भी घटना की निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी व तत्काल कार्रवाई की मांग की है। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है।

Jalna

आपके लिए सुझाव

author avatar
Rashmi Bagdi
Rashmi Bagdi is a journalist and digital content creator associated with NewsNation Online. She specializes in reporting on local news, civic issues, education, government updates, and viral stories with a reader-focused approach.

Discover more from NewsNation Online

Subscribe to get the latest posts sent to your email.


Discover more from NewsNation Online

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading