‘बच्चों में देशप्रेम और भाईचारे की भावना पैदा करना हमारी जिम्मेदारी’ : शेख उमर
जालना। मॉडल एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसायटी द्वारा संचालित हुदा उर्दू प्राइमरी स्कूल, नरीमन नगर में 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर स्कूल के सचिव शेख उमर ने कहा, “स्वतंत्रता दिवस हमें आजादी के लिए दी गई कुर्बानियों की याद दिलाता है। बच्चों में देशप्रेम, भाईचारे और जिम्मेदारी की भावना पैदा करना हमारी जिम्मेदारी है। तिरंगा रैली जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति सम्मान की भावना मजबूत करते हैं।”
कार्यक्रम में संस्था के अध्यक्ष शेख वहीद, सचिव शेख उमर और अभिभावक उपस्थित थे। ध्वजारोहण के बाद विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक और देशभक्ति कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
कक्षा 9वीं की छात्रा सदिया मुजीब ने नात पेश की। फातेमा सिद्दीकी, जिकरा कुरैशी और अश्मीरा शब्बीर ने उर्दू, हिंदी, मराठी और अंग्रेजी में स्वतंत्रता दिवस पर भाषण दिए।
स्कूल के प्रधानाध्यापक उबैद सर ने अतिथियों, अभिभावकों, विद्यार्थियों और शिक्षकों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान अतिथियों का सत्कार किया गया।
समारोह के बाद विद्यार्थियों ने नरीमन नगर में तिरंगा रैली निकाली। हाथों में तिरंगा लेकर विद्यार्थियों ने देशभक्ति के नारे लगाए। रैली में स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी सहभागिता की।

