नागपुर की धरती पर 15–16 सितंबर को आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय व्यापारी मिलन सम्मेलन ने व्यापारी समाज में एक नई ऊर्जा और संकल्प जगाए। कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के नेतृत्व में हुए इस सम्मेलन में जालना व्यापारी महासंघ के अध्यक्ष एवं कैट के राज्य उपाध्यक्ष सतीश पंच ने कहा कि अब समय आ गया है कि “जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान” के साथ “जय व्यापार” को भी राष्ट्रीय नारा बनाया जाए।

उन्होंने महाराष्ट्र व्यापारी कल्याण बोर्ड की स्थापना की जोरदार मांग करते हुए कहा – “छोटा या बड़ा हर व्यापारी राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभाता है, उनकी भागीदारी के बिना भारत आर्थिक महाशक्ति नहीं बन सकता।”

सम्मेलन के प्रमुख बिंदु:

  • स्वदेशी संकल्पना को राष्ट्रव्यापी आंदोलन बनाने का संकल्प।
  • हर जिला, तहसील व शहर स्तर पर स्वदेशी व्यापारी मिलन का आयोजन।
  • दिल्ली में “डिजिटल स्वदेशी” केंद्रीय कार्यालय की स्थापना।
  • अभियान हेतु पूर्णकालिक कार्यकर्ताओं की नियुक्ति।
  • स्वदेशी व्यापार कोष का निर्माण।

इस सम्मेलन में कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी.सी. भरतिया, राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीण खंडेलवाल, राष्ट्रीय मंत्री शंकर ठक्कर, एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के चेयरमैन सुनील सिंधी सहित 40 से अधिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।