Apple CEO Tim Cook: एप्पल के सीईओ टिम कुक ने हाल ही में कंपनी के कर्मचारियों को संबोधित करते हुए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को भविष्य का सबसे बड़ा अवसर बताया। कुक ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि एप्पल ने एआई को पूरी तरह अपनाया नहीं, तो कंपनी अपने प्रतिस्पर्धियों से पीछे रह जाएगी। क्यूपर्टिनो हेडक्वार्टर्स में आयोजित ऑल-हैंड्स मीटिंग में कुक ने कहा कि एआई का असर इंटरनेट, स्मार्टफोन और क्लाउड कंप्यूटिंग से भी कहीं अधिक हो सकता है। उन्होंने कर्मचारियों से अपील करते हुए कहा – “यह अवसर हमारे सामने है, और हमें इसे हासिल करना ही होगा।”
कर्मचारियों से सीधी अपील – काम में शामिल करें एआई
टिम कुक ने यह भी ज़ोर दिया कि अब हर कर्मचारी को अपने दैनिक काम और भविष्य के प्रोडक्ट डिवेलपमेंट में एआई को शामिल करना होगा। उनके अनुसार, “हम सभी किसी न किसी रूप में एआई का इस्तेमाल कर रहे हैं, लेकिन अब समय आ गया है कि इसे कंपनी स्तर पर पूरी तरह लागू किया जाए। अगर ऐसा नहीं हुआ तो हम पीछे छूट जाएंगे, और यह हमारे लिए विकल्प ही नहीं है।” कुक ने स्वीकार किया कि एप्पल ने एआई की शुरुआत अपने प्रतिद्वंद्वियों के मुकाबले देर से की है, लेकिन वह आश्वस्त हैं कि कंपनी इसे गेम-चेंजर साबित करेगी।

सिरी का पूरा री-बिल्ड और नई रणनीति
एप्पल के सीनियर वाइस प्रेसीडेंट क्रेग फेडरिघी ने खुलासा किया कि कंपनी ने हाइब्रिड सिरी सिस्टम की योजना को छोड़ दिया है क्योंकि वह एप्पल के उच्च मानकों पर खरी नहीं उतर रही थी। अब सिरी को पूरी तरह बड़े भाषा मॉडल्स (Large Language Models – LLMs) पर आधारित किया जा रहा है। इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट की कमान विज़न प्रो के निर्माता माइक रॉकवेल को सौंपी गई है। कंपनी का मानना है कि जैसे उसने मैक और आईफोन से पुराने बाज़ार को आधुनिक बनाया, वैसे ही एआई में भी एप्पल देर से आने के बावजूद बड़ा बदलाव लाएगा।
12,000 नई भर्तियाँ और बड़े निवेश
एप्पल ने पिछले एक साल में 12,000 नए कर्मचारियों की भर्ती की है, जिनमें से लगभग 40 प्रतिशत कर्मचारी रिसर्च और डेवलपमेंट में काम कर रहे हैं ताकि एआई प्रोजेक्ट्स को तेज़ी दी जा सके। कंपनी अपने खुद के क्लाउड-कम्प्यूटिंग चिप्स (कोडनेम: Baltra) विकसित कर रही है और अमेरिका के ह्यूस्टन में एआई सर्वर सुविधा का निर्माण भी कर रही है। इन निवेशों से साफ है कि एप्पल अब एआई को अपनी भविष्य की पहचान और उत्पादों का केंद्रीय हिस्सा बनाने जा रही है। कुक का संदेश स्पष्ट है – “हम देर से आए हैं, लेकिन जब आएंगे, खेल बदल देंगे।
यह भी पढ़ें:
➤ Apple और OpenAI के बीच कानूनी जंग तेज, ट्रेड सीक्रेट चोरी के आरोपों से बढ़ा विवाद
➤ OpenAI CEO suggests parents make AI-generated podcasts to remember their children's lives for them
➤ Framework 13 Pro review
सीधे अपनी Facebook फ़ीड में पाएँ — News Nation Online पेज को Follow करें।
Discover more from NewsNation Online
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
















