सिंधी बाजार हादसा: टिन शेड पर करंट का कहर, एक की मौत, किशोरी जिंदगी और मौत से जंग में — प्रशासन पर लापरवाही के आरोप
जालना: जालना शहर के सिंधी बाजार में सोमवार शाम अफरातफरी मच गई, जब अचानक एक टिन शेड पर करंट उतरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक 14 वर्षीय किशोरी गंभीर रूप से झुलस गई। मृतक की पहचान मितेश बिधानिया (45, निवासी लकड़ कोट) के रूप में हुई है, जबकि गंभीर रूप से घायल मुनमुन संदीप नवमहलकर जीवन और मृत्यु के बीच जंग लड़ रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गणेश प्रतिमाओं की बिक्री के लिए व्यापारी सिंधी बाजार में सड़क पर ही टिन शेड लगाकर व्यवसाय कर रहे थे। बारिश शुरू होने पर कई लोग एक स्टॉल नुमा टिन शेड के नीचे खड़े हो गए। इसी दौरान ट्रैक्टर पर ले जाई जा रही एक बड़ी गणेश मूर्ति ऊंची बिजली की तारों से टकरा गई। तार टूटकर शेड पर गिरा और शेड में करंट फैल गया, जिससे यह दुखद घटना हुई।
स्थानीय नागरिकों का आरोप: “महापालिका ने पहले ही इस स्थान पर बिक्री पर रोक लगाई थी — पर राजनीतिक दबाव के चलते बाजार वहीं लगा दिया गया।”
नागरिकों ने बताया कि इस वर्ष महापालिका ने सिंधी बाजार में गणेश बिक्री पर रोक लगाकर आजाद मैदान में बाजार लगाने का आदेश दिया था, परन्तु वह आदेश लागू नहीं किया गया। स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि कुछ दिन पहले पुलिस, महावितरण और महापालिका ने संयुक्त रूट मार्च के दौरान ढीली बिजली तारों को हटाने के निर्देश दिये थे — पर संबंधित विभागों की समय पर कार्रवाई न करने के कारण यह हादसा हुआ।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और नागरिकों ने प्रशासन की निष्क्रियता पर गहरी नाराजगी जताई है। घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व विधायक कैलाश गोरंट्याल, अक्षय गोरंट्याल, भास्करराव आंबेकर और अभिमन्यु खोतकर अस्पताल पहुंचे और घायल बच्ची की स्थिति की जानकारी ली।
इस मौके पर भाजपा नेता कैलास गोरंट्याल ने कहा कि बच्ची की हालत गंभीर है और उसके इलाज का पूरा खर्च वे स्वयं वहन करेंगे। उन्होंने डॉक्टरों से कहा कि इलाज में किसी प्रकार की आर्थिक चिंता न करें।




Discover more from NewsNation Online
Subscribe to get the latest posts sent to your email.





































































































Leave a Reply